मनकापुर (गोंडा)। आवासीय जमीन के विवाद में गुरुवार को जमकर लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर चले। इसमें दोनों पक्ष से 13 लोग घायल हो गए। विवाद में निर्माणाधीन आवास की दीवार भी ढहा दी गई। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ऐलनपुर ग्रंट गांव के मजरे मलियन पुरवा के रहने वाले लियाकत अली का गांव के ही इदरीश से आवासीय जमीन को लेकर पहले से है विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह लियाकत प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्राप्त अपने आवास का निर्माण करवा रहे थे।
इसी बीच इदरीश अपने अन्य परिवार सहित वहां पहुंच गए और विवाद करते हुए निर्माणाधीन आवास की दीवार गिराने लगे जिससे दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान लाठी डंडे व ईंट पत्थर चलने लगे। मारपीट में एक पक्ष से सलमान, सैफुल निशा, सैनुल निशा रुबीना, शकीना, सन्नू, इदरीश, मोहब्बत अली घायल हो गए।
दूसरे पक्ष से लियाकत उनकी पत्नी शकीना बेगम, भाई गुलशेर भाई अमीरुल्ला व गुलशेर की बेटी गुड़िया भी घायल हो गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया जिसमें से रुबीना को जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभारी कोतवाल एसएसआई आनंद सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस भेजकर जांच कराई जा रही है।