कटराबाजार (गोंडा)। राजगढ़ गांव के रहने वाले बाउर की हत्या के आठ माह बाद गुरुवार को तहसीलदार की मौजूदगी में कब्र खोदकर उसका शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में अदालत के आदेश पर चार दिन पहले थाना कटरा बाजार में चार लोगों के खिलाफ हत्या, साजिश व साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
कटराबाजार थाना क्षेत्र के राजगढ़ अमीनपुर गांव के मजरा कुम्हारन पुरवा की रहने वाली मुन्नी देवी ने अदालत के आदेश पर तीन दिसंबर को थाना कटरा बाजार में राजगढ़ अमीन के रहने वाले कृपा चाईं, बच्चालाल समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या, साजिश व साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें कहा कि उसके पति बाउर (65) 24 अप्रैल की शाम आठ बजे इसी गांव के मजरे चाईं पुरवा में कृपा चाईं के यहां निमंत्रण में गए थे। मुन्नी देवी का आरोप है कि वहां पर चुनावी रंजिश को लेकर कृपा चाईं व बच्चालाल ने अपने दो साथियों संग मिलकर शराब पिलाकर खाने में जहर दे दिया, जिससे उसके पति बेहोश हो गए। साजिश के तहत उन्हें कुएं में धकेल दिया और बताया कि बाउर कुएं में गिर गए। घटना को छिपाने के लिए पहले एक निजी चिकित्सक के यहां और बाद में जिला अस्पताल ले गए। मुन्नी देवी ने बताया कि उसके बाद उसे सूचना मिली कि उसके पति बाउर की मौत हो गई। मुन्नी देवी का आरोप है कि कृपा चाईं ने अपने साथियों के संग मिलकर शव को गांव के पास ही दफना दिया। जानकारी मिलने पर बाउर के बेटे रामचेत ने कटरा बाजार थाने में तहरीर दी, मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। 29 मई को उसने एसपी से रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की। इसके बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। बाद में अदालत के आदेश पर कृपाचाईं व बच्चा लाल समेत चार लोगों के खिलाफ कटरा पुलिस ने हत्या, साजिश व साक्ष्य छिपाने का केस दर्ज किया। गुरुवार को तहसीलदार रामनरायन वर्मा की मौजूदगी में कोतवाल कटरा बाजार बृजेश सिंह ने राजगढ़ अमीन गांव के मजरा कुम्हारन पुरवा के पास कब्र खोदवाकर शव को बाहर निकलवाया।