जगतपुर (रायबरेली)। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शनिवार को जगतपुर ब्लॉक क्षेत्र के श्री बलिकरन सिंह स्मारक इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला लगी। मुख्य जिला अग्निशमन अधिकारी आरके पांडेय, एसओ जगतपुर राकेश सिंह, कॉलेज प्रबंधक जितेंद्र बहादुर सिंह व प्रधानाचार्य महेश कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य जिला अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि आज के दौर में यातायात नियमों का पालन करना जरूरी हो गया है। ऐसा न करने पर आप सड़क हादसे का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस आपकी मदद के लिए हमेशा तैयार है। दिक्कत पड़ने पर डायल 100 पर फोन मिलाएं।
उन्होंने कहा कि लोगों को नशे में गाड़ी कतई नहीं चलानी चाहिए। छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे दुर्घटना से बचने के लिए यातायात के नियमों का पालन अवश्य करें। एसओ राकेश सिंह ने कहा कि हमें जीवन भर अनुशासन का पालन करना चाहिए। अगर हम अनुशासित तरीके से विद्यालय में रहें और रोड पर चलें तो दुर्घटनाएं नहीं होंगी। एसओ ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने पिता को अपनी गुल्लक या जेब खर्च से हेलमेट खरीद कर गिफ्ट कर सकते हैं, जिससे उनके पिता तथा उनकी स्वयं की वाहन चलाते समय जान जोखिम में ना पड़े और सुरक्षित रहें। ऐसा होने से सड़क हादसे से बचा जा सकता है।
कॉलेज प्रबंधक जितेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राएं अपने गांव व घर में अभिभावकों तथा अन्य पड़ोसियों से यातायात नियमों का पालन करने के लिए जरूर कहें। साथ ही यातायात की जानकारी भी उन्हें दे। नियमों का पालन करके सड़क हादसे से बचा जा सकता है। कॉलेज के प्रधानाचार्य महेश कुमार गुप्ता ने बच्चों को यातायात के नियमों के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि यातायात के नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। पाठशाला का संचालन कर रहे प्रेमपाल सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। इस बात का ध्यान देना चाहिए। शिक्षक राजेंद्र प्रसाद, गिरजा शंकर त्रिवेदी, बृजेश कुमार, सुरेंद्र प्रताप, अमरेश कुमार, अनुज कुमार, पूर्णिमा सिंह, प्रिया मिश्रा, नीलम गुप्ता, उपमा सैनी, कोमल गुप्ता ने कहा कि गाड़ी धीमी गति से चलाएं। सीट बेल्ट व हेलमेट का जरूर प्रयोग किया जाए। इससे पहले कॉलेज की छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।