राजधानी में गोमती पार की सड़कों को चमकाने का खाका तैयार कर लिया गया है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अलीगंज, सीतापुर रोड, जानकीपुरम, जानकीपुरम विस्तार और प्रियदर्शनी कॉलोनी में 31 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
इसके लिए अवस्थापना और प्राधिकरण निधि से करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि 50 करोड़ रुपये का अभी और एस्टीमेट बनाया जा रहा है।
ऐसे में इस पूरे क्षेत्र की सड़कों को लगभग 100 करोड़ रुपये में एलडीए चमकाएगा। ऐसी कई सड़कें, जिनके गड्ढे लंबे समय से लोगों को बेहाल करते रहे हैं, दो महीने बाद वहां वाहन फर्राटा भर सकते हैं।
राजधानी में भूमि, भवनों और अन्य संपत्तियों के बिकने से जो राजस्व प्राप्त होता है, उस राशि का उपयोग अवस्थापना (ढांचागत) विकास के लिए होता है।
इस राशि को देने का अधिकार कमिश्नर लखनऊ रेंज को होता है। इसके तहत एलडीए ने करीब 50 करोड़ रुपये का काम कराने की तैयारी की थी, जिसमें मुख्य काम सड़क और कपूरथला क्षेत्र की पार्किंग का है।
सड़क के लिए लगभग 28 करोड़ रुपये और पार्किंग के लिए 22 करोड़ रुपये का बजट तय किया जा रहा था। हालांकि अब केवल सड़क के लिए ही 50 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।
पार्किंग के लिए 22 करोड़ रुपये अलग हैं। इसके अलावा करीब 30 करोड़ रुपये का बजट अलग से बनाया जा रहा है।