नसीराबाद (रायबरेली)। नगर पंचायत कार्यालय के बगल स्थित भवानी घाट तालाब के सौंदर्यीकरण के नाम पर 30 लाख रुपये खर्च हो गए, लेकिन काम अब भी अधूरा है। सुरक्षा के लिए तालाब के चारों तरफ आरसीसी पिलर में लोहे के कटीले तार बांधे गए थे। 10 माह के अंदर ही आरसीसी पिलर उखड़ गए। मामले की शिकायत पर डीएम ने जांच के लिए कमेटी गठित की है।
कस्बे के नामित सभासद तिलकराम पासी ने इसको लेकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व डीएम को शिकायती पत्र भेजकर तहसील दिवस में भी शिकायत दर्ज कराकर जांच कराने व कार्रवाई की मांग की थी। आरोप लगाया था कि तालाब में जेसीबी मशीन से काम कराया गया। पहले से बनाई गईं सीढि़यों का प्लास्टर करवाकर 30 लाख रुपये का भुगतान करा लिया गया। तालाब के सुंदरीकरण में चारों तरफ इंटरलाॅकिंग का कार्य कराना था, कुर्सियां बनवानी थीं। स्ट्रीट लाइटें भी लगनी थीं, लेकिन ये सभी काम अब तक नहीं कराए गए। अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि डीएम स्तर से जांच समिति गठित की गई है। मेरे समय में तालाब के सुंदरीकरण के लिए भुगतान नहीं किया गया।