विदेश यात्रा से लौटने वालों और कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में रहने वालों को अब 14 के बजाय 28 दिन क्वारंटीन में रखा जाएगा। कई लोगों में 14 दिन के बाद भी कोरोना के लक्षण मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी गाइडलाइन में यह बदलाव किया है।
नई गाइडलाइन के तहत विदेश यात्रा के 28 दिनों के अंदर कोई लक्षण आने पर तत्काल जांच कराई जाएगी। इसी तरह बुखार, खांसी और सांस संबंधी मरीजों, गंभीर लक्षणों वाले अंतरराज्यीय यात्रियों की भी 28 दिनों तक निगरानी होगी।
तब्लीगी जमात में शामिल रहे लोगों और कोरोना के मरीजों के इलाज में लगे डॉक्टर और चिकित्साकर्मी, पॉजिटिव मरीज के साथ रहने वाले व उनके परिजन की भी 28 दिन के अंदर जांच कराई जाएगी।
इस दौरान किसी में लक्षण पाया गया तो दोबारा उन्हें क्वारंटीन किया जाएगा। सीएमओ डॉक्टर नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि शासन की ओर से निर्देश मिलने के बाद पूरी टीम को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया गया है।