प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद।
- फोटो : amar ujala
यूपी में बुधवार को भी नए कोरोना पॉजिटिव के मुकाबले डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा रही। बुधवार को कुल 2778 नए मरीज सामने आए, जबकि 3736 रोगियों को डिस्चार्ज किया गया। अब तक 4,01,306 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मरीजों के ठीक होने का प्रतिशत 90.24 हो गया है। कुल 36,898 एक्टिव केस में से 16,613 होम आइसोलेशन में हैं। अब तक कुल 2,45,976 मरीजों ने होम आइसोलेशन का फायदा लिया है। इनमें से 2,29,359 मरीजों ने होम आइसोलेशन की अवधि पूरी कर ली है। अब तक 6507 संक्रमित लोगों की मौत हो चुकी है।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि पूरे प्रदेश में 15 अक्तूबर को ग्लोबल हैंड वाशिंग डे मनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें हर जिले में सुबह 10 से 12 बजे तक दस-दस लोगों के समूह में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए साबुन-पानी से हाथ धोने का तरीका बताया जाएगा। इस पूरे कार्यक्रम के छोटे-छोटे वीडियो बनाकर हैशटैग #हाथ_धोना_रोके_कोरोना के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट करना होगा। hwdnhmiec@gmail. com पर बीस वीडियो भेज सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान ‘जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं’ की तरह ही हाथ_धोना_रोके_कोरोना को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया है।