लखनऊ। चिनहट इलाके में टप्पेबाज ने छात्रा का डेबिट कार्ड बदलकर खाते से 2.71 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने एफआईआर दर्ज कराई है।
चिनहट की यमुना विहार कॉलोनी निवासी रिया सिंह के मुताबिक 10 नवंबर को उन्होंने खरीदारी के लिए पिता से डेबिट कार्ड लिया था। शाम को कॉलेज से लौटने पर वह रुपये निकालने के लिए विधायक चौराहे पर स्थित एटीएम बूथ पहुंचीं। वहां एक युवक मौजूद था। रिया ने रकम निकालनी चाही तो असफल रहीं। दोबारा कोशिश करने पर भी रकम नहीं निकली।
यह देख युवक ने मदद के नाम पर उनसे डेबिट कार्ड ले लिया और रकम निकालने का नाटक करने लगा। फिर रिया को दूसरा डेबिट कार्ड दे दिया। छात्रा घर पहुंचीं तो उनके पिता ने बैलेंस देखा तो 2.71 लाख रुपये कम थे। बेटी से पूछा तो उसने कोई रकम नहीं निकलने की बात कही। इस पर रिया के पिता ने कार्ड ब्लॉक कराकर चिनहट पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है।