सीतापुर के थाना संदना इलाके में सोमवार रात श्रद्धालुओं की एक बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस हादसे में 26 श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी सिधौली में भर्ती कराया। पांच श्रद्धालुओं की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। यह बस रेउसा थाना क्षेत्र से नैमिषारण्य होते हुए हरिद्वार जा रही थी। बस में 61 श्रद्धालु सवार थे। हादसे के बाद सभी श्रद्धालु घर वापस लौट गए हैं।
रेउसा थाना क्षेत्र से सोमवार की देर रात श्रद्धालुओं की एक बस हरिद्वार के लिए रवाना हुई। इस बस में क्षेत्र के कई गांवों के 61 लोग सवार थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नैमिषारण्य दर्शन करते हुए हरिद्वार जाना था। सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर संदना इलाके में रालामऊ गांव के करीब रात लगभग डेढ़ बजे अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।
हादसे में नफीस निवासी गढियनपुरवा, रामनरेश निवासी सुपौली, रामकुमार निवासी भिठौरा, महेश्वर निवासी बेलौरा, जगरानी, राम खेलावन, रंगीली देवी, तेजवती निवासीगण पासिनपुरवा, धन्नो, रामप्यारी, रामकेशन, रंजित, रामअवतार, अंकुर, दिनेश, नंदिनी, धरमा देवी, लक्ष्मी देवी, प्यारेलाल, शिवानी, आशा देवी, बैजनाथ पुत्र सुंदरलाल, केशवराम, नंदरानी, मूला व बैजनाथ पुत्र छोटे निवासीगण भिठौली घायल हो गए।
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। किसी तरह कई श्रद्धालु अपनी जान बचाकर बस से बाहर निकले और 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सीएचसी सिधौली में भर्ती कराया। इलाज के दौरान नफीस, तेजवती, धन्नो, रामप्यारी व महेश्वर की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, दुर्घटना से सहमें अन्य श्रद्धालु घर वापस लौट गए हैं।