लखनऊ फॉल्कंस के लिए चयन में उमड़े खिलाड़ी
लखनऊ। यूपी टी-20 क्रिकेट लीग में भाग लेने वाली लखनऊ फॉल्कंस टीम के ट्रायल बुधवार से अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में शुरू हुए। पहले दिन 255 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिए। तीन दिवसीय चयन प्रक्रिया में प्रदेश भर से करीब एक हजार खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। इन खिलाड़ियों में प्रदर्शन के आधार पर सात खिलाड़ियों का चयन यूपी टी-20 क्रिकेट लीग की टीम लखनऊ फॉल्कंस टीम में किया जाएगा। टीम प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार तीन दिवसीय ट्रायल में करीब 70 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इन खिलाड़ियों को टीम में बांटकर सात जुलाई से मैच कराए जाएंगे। इन मुकाबलों के दौरान लखनऊ फॉल्कंस के आइकन खिलाड़ी पूर्व अंतरराष्ट्रीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार समेत पूरा टीम स्टाफ मौजूद रहेगा, जो खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया का हिस्सा बनेगा। प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ सात खिलाड़ियों को लखनऊ फॉल्कंस टीम में शामिल किया जाएगा। बताते चले कि यूपी टी-20 लीग का चौथा संस्करण 14 अगस्त से छह सितंबर तक कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसमें लखनऊ फॉल्कंस की 25 सदस्यीय टीम भाग लेगी। टीम के 18 खिलाड़ियों का चयन पहले ही कर लिया गया है, जबकि शेष सात खिलाड़ियों का चयन ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
लखनऊ फॉल्कंस के लिए चयन में उमड़े खिलाड़ी
लखनऊ फॉल्कंस के लिए चयन में उमड़े खिलाड़ी