लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह की ओर से भारत रोजगार महोत्सव का आयोजन किया गया। यह किसी विधायक कार्यालय में आयोजित अपनी तरह का पहला रोजगार महोत्सव था। मूसलाधार वर्षा के बावजूद 817 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 250 का साक्षात्कार हुआ।
टाटा मोटर्स, अडानी, एयरटेल और सैमसंग सहित अनेक प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने महोत्सव में भाग लिया। तीन साक्षात्कार केंद्रों पर अभ्यर्थियों की योग्यता, कौशल और अनुभव का आकलन किया गया। अभ्यर्थियों के लिए ट्रेनी, डेटा एंट्री ऑपरेटर, वायरमैन जैसे विभिन्न पदों पर अवसर उपलब्ध थे। अधिकांश युवा राजेश्वर सिंह द्वारा संचालित रण बहादुर सिंह डिजिटल सेंटरों से निशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके थे। राजेश्वर सिंह ने कहा कि बारिश के बीच साक्षात्कार देने आए 817 युवा हमारे प्रशिक्षित बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि सरोजनी नगर में हर महीने रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों का चयन नहीं हुआ, उन्हें रण बहादुर सिंह डिजिटल सेंटरों के माध्यम से पुनः निशुल्क कौशल उन्नयन प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें आगामी रोजगार मेले में फिर अवसर प्रदान किया जाएगा। आयोजन स्थल पर क्यूआर पंजीकरण डेस्क, प्रतीक्षा क्षेत्र, जलपान और वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था थी। आयोजन समिति ने स्पष्ट किया कि पूरी चयन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रही।