लखनऊ। ट्रांसपोर्टनगर रेलवे स्टेशन से जल्द यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा। यहां यात्री सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस पर करीब 250 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के चारबाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों व ट्रेनों का लोड कम करने के उद्देश्य से आसपास के छोटे स्टेशनों को विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन से अब मालगाड़ियों के साथ यात्रियों के लिए मेल-एक्सप्रेस, सुपरफास्ट ट्रेनों को भी चलाया जाएगा। स्टेशन को कॉमर्शियल से नॉन कॉमर्शियल श्रेणी में बदला जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है तथा कमिश्नर रेलवे सेफ्टी सीआरएस की अनुमति का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। उनके बैठने के लिए व्यवस्थाएं की जाएंगी। प्लेटफार्मों पर पर्याप्त शेडिंग के साथ पेयजल, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें, वाटर वेंडिंग मशीनें, फुटओवर ब्रिज, लिफ्ट-एस्केलेटर, एसी लाउंज, पार्किंग, सरकुलेटिंग एरिया, सीसीटीवी आदि के इंतजाम किए जाएंगे। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस पर 250 करोड़ रुपये खर्च हो सकते हैं। हालांकि रेलवे अधिकारी अभी मुद्दे पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।