प्रदेश पुलिस के एंटी रोमियो स्क्वायड और यातायात पुलिस के लिए 25 हजार बॉडी वार्न कैमरों की खरीद की जाएगी। इसकेअलावा अन्य उपकरणों की खरीद को लेकर फैसला किया गया। डीजीपी ओपी सिंह ने मंगलवार को पुलिस आधुनिकीकरण के लिए उपकरणों की खरीद की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक में इसके लिए निर्देश दिए।
डीजीपी ने कैमरों के साथ ही सभी जिलों के लिए लगभग 300 वॉयस लॉगर के क्रय के लिए शासन से इसी वित्तीय वर्ष में अनुमोदन लेकर खरीद किए जाने को कहा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम किट को भी वित्तीय वर्ष में खरीद कर जिलों को उपलब्ध करा दिया जाए जिससे हत्या अथवा दुर्घटना से संबंधित प्रकरणों में शव को सुरक्षित कर मॉर्चरी भेजा जाए।
उन्होंने विवेचना को और बेहतर बनाने के लिए विवेचकों को विवेचना के लिए पांच हजार टैबलेट्स खरीद कर उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीसीटीएनएस व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए 15 सौ डेस्कटॉप कम्प्यूटर्स व अन्य उपकरणों को खरीदे जाने का फैसला किया गया। डीजीपी ने कहा कि उपकरणों को खरीदे जाने संबंधी कार्यवाही के लिए सभी संबंधित विभागों द्व़ारा आपसी समन्वय से पूरी कर ली जाए।