लॉकडाउन के दौरान हो रहे पढ़ाई के नुकसान को पूरा करने के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय ने यू-ट्यूब चैनल के जरिए विद्यार्थियों की पढ़ाई शुरू की है। विवि के 43 विभागों में से अब तक 25 ने अपने-अपने यू-ट्यूब चैनल बना लिए हैं।
इन चैनलों पर अब तक 160 शिक्षकों ने करीब 600 लेक्चर अपलोड कर दिए हैं। कुलपति प्रो.आलोक कुमार राय को यह जानकारी सोमवार को ई-कंटेंट की मॉनिटरिंग के लिए बनाई गई समिति ने दी।
प्रो. राय ने सोमवार को समिति के साथ जूम एप के माध्यम से ऑनलाइन बैठक की। लविवि की अधिष्ठाता छात्र कल्याण और समिति की अध्यक्ष प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि ई-कंटेंट पर अच्छा काम किया जा रहा है। इस समय काफी विद्यार्थी इसका लाभ उठा रहे हैं।
कोरोना वायरस से संक्रमण के खतरे को देखते हुए सभी विवि और कॉलेज पहले से ही बंद हैं। ऐसे में तकनीक का उपयोग करके ही कक्षाएं संचालित हो सकती हैं।