लखनऊ। शहर में डेंगू बेकाबू होने लगा है। बीते 24 घंटे में 25 मरीज मिले हैं। एक दिन में मिलने वाले मरीजों की इस साल का यह सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले 21 सितंबर को 24 केस सामने आए थे। जिले में इस वर्ष डेंगू के 309 मरीज मिल चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नए मिले मरीज आलमबाग, इंदिरानगर, गोमतीनगर एक्सटेंशन, गोसाईंगंज, माल और चिनहट के हैं। इन इलाकों में एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। अफसरों का कहना है कि एक हफ्ते से डेंगू के मरीजों की तादाद तेजी से बढ़ी है। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने कहा कि डेंगू को लेकर अस्पताल हाई अलर्ट पर हैं। राहत की बात यह है कि भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या कम है।