नवरात्र व दशहरा पर प्रदेश के सभी शक्तिपीठों और प्रमुख धार्मिक स्थलों को कटौतीमुक्त बिजली आपूर्ति की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बुधवार से शुरू हो रहे नवरात्र के मद्देनजर पावर कॉर्पोरेशन प्रबंधन ने सभी क्षेत्रीय लोड डिस्पैच सेंटरों (आरएलडीसी) को संबंधित क्षेत्रों में कटौतीमुक्त आपूर्ति के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा है। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नवरात्र पर देवी मंदिरों पर मेला लगता है। साथ ही हजारों श्रद्धालु देवी के दर्शन-पूजन आदि करते हैं। इसके मद्देनजर प्रदेश के सभी शक्ति पीठों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों को कटौतीमुक्त बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा दशहरे पर भी 24 घंटे आपूर्ति की व्यवस्था करने को कहा गया है।
प्रमुख सचिव ऊर्जा व पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष आलोक कुमार ने सभी बिजली कंपनियों के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंताओं सहित बिजली अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकार की मंशा के अनुरूप नवरात्र व दशहरा पर शक्ति पीठों व धार्मिक स्थलों को कटौतीमुक्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अधिकारी अपने क्षेत्रों में सावधानी बरतें। साथ ही स्थानीय स्तर पर आपूर्ति में आने वाले अवरोधों को भी कम से कम समय में ठीक करने के लिए जरूरी इंतजाम कर लें।
अवध के इन मंदिरों को मिलेगी निर्बाध बिजली
गोंडा : मां उत्तरी भवानी शक्तिपीठ, बलरामपुर : देवी पाटन मंदिर, फैजाबाद : हनुमान गढ़ी मंदिर, कामाख्या भवानी मंदिर सैदपुर रुदौली, सुल्तानपुर : मातारानी मंदिर लोहरामऊ, बाराबंकी : गुरसेल देवी मंदिर, सीतापुर : नैमिषारण्य मंदिर ललिता देवी, लखनऊ : मां चंद्रिका देवी मंदिर।