उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित 232 नए रोगी मिले। सबसे ज्यादा 62 नए मरीज गौतमबुद्ध नगर में मिले हैं। लखनऊ में 52 रोगी, गाजियाबाद में 24 और वाराणसी में सात नए मरीज मिले हैं। अब सक्रिय केस बढ़कर 991 हो गए हैं। बीते हफ्ते भर में मरीजों की संख्या में दोगुने से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 18 मार्च को सिर्फ 74 सक्रिय केस थे, ऐसे में बीते 22 दिनों में रोगियों की संख्या 13 गुणा से अधिक बढ़ गई है।
कोरोना से बचाव के लिए जांच को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 42,751 लोगों की कोरोना जांच की गई। अब सबसे ज्यादा कुल 276 सक्रिय केस गौतमबुद्ध नगर में हैं।
दूसरे नंबर पर 161 रोगी लखनऊ में हैं। तीसरे नंबर पर 103 रोगी गाजियाबाद में, चौथे नंबर पर 48 मरीज वाराणसी में और पांचवें नंबर पर 37 मरीज ललितपुर में हैं। अब 60 जिलों तक में कोरोना का संक्रमण पहुंच चुका है। फिलहाल बुजुर्गों, गंभीर रोगियों, गर्भवती व बच्चों को भीड़-भाड़ वाले स्थान पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।