लखनऊ। आलमनगर स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर की सूरत बदलेगी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने मंदिर के सुंदरीकरण के लिए 2.31 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। परियोजना के तहत मंदिर परिसर अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त रूप में नजर आएगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मंदिर के कई हिस्सों में सुधार कार्य तेजी से चल रहा है, जिनमें नया ग्रेनाइट मार्ग, संरचनात्मक सुरक्षा के लिए रिटेनिंग वॉल और नया मुख्य प्रवेश द्वार शामिल है। नया ग्रेनाइट मार्ग लगभग तैयार है। साथ ही मंदिर की सीमा को सुरक्षित रखने और कटाव रोकने के लिए मजबूत रिटेनिंग वॉल बनाई जा रही है। नया बड़ा प्रवेश द्वार भी तैयार हो रहा है।