रायबरेली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दरियापुर में गुरुवार को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए दाखिले के पहले चरण का काम पूरा हो गया। गुरुवार को आठ नए दाखिले हुए। कुल मिलाकर 22 सीटें लॉक हो गई हैं। एमबीबीएस के पहले बैच में 50 बच्चों का दाखिला होना है। शेष बचीं 28 सीटों के लिए एम्स दिल्ली में दूसरे चरण की काउंसलिंग के बाद दाखिले होंगे।
एम्स दरियापुर में ओपीडी शुरू होने के बाद एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू कराने की प्रक्रिया चल रही है। पहले बैच में 50 बच्चों के दाखिले की प्रक्रिया भी एम्स दिल्ली में कई महीने पहले शुरू करा दी गई थी। परीक्षा के बाद दिल्ली में पहले चरण की काउंसलिंग पूरी होने के बाद आवंटित स्टूडेंट्स ने 01 जुलाई से यहां आकर दाखिले की औपचारिकता पूरी कराना शुरू कर दिया था।
पहले चरण की काउंसिलिंग के बाद 04 जुलाई तक एडमिशन का काम पूरा होना था। गुरुवार को भी आठ बच्चे दाखिला लेने के लिए पहुंचे। अब तक राजेश सिसोदिया, प्रिया सिंह, मेघा झिरवाल, आरए एनेंथू, दिलराज मीणा सहित 22 स्टूडेंट्स ने एम्स में पहुंचकर सीटों को लॉक कर दिया। अब भी 28 सीटें लॉक होने से बची हैं।
एम्स दिल्ली में अब दूसरे चरण की काउंसलिंग होगी, जिसके बाद बच्चों का आवंटन होने के बाद शेष बची सीटों को भरा जाएगा। उम्मीद है कि दो दिन में काउंसलिंग का काम पूरा होने के साथ ही शेष सीटों को करने का काम शुरू होगा। गुरुवार को पहले चरण के दाखिले का काम पूरा होने के एम्स प्रशासन ने पूरी रिपोर्ट पीजीआई चंडीगढ़ और एम्स दिल्ली को भेज दी है।
एम्स रायबरेली के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी समीर शुक्ला गुरुवार को पहले चरण के दाखिले का काम पूरा हो गया है। 22 सीटें लॉक हो गई हैं। दिल्ली एम्स में दूसरे चरण की काउंसलिंग के बाद शेष सीटों को भरा जाएगा। कई राउंड में काउंसलिंग होनी है। एमबीबीएस के पहले बैच की पढ़ाई अगस्त माह से शुरू होनी है। अन्य औपचारिकताओं को भी पूरी कराया जा रहा है।