लखनऊ। राजधानी में स्वाइन फ्लू थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में 22 नए मरीजों में इसकी पुष्टि हुई है। इनमें से चार मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 18 मरीज डॉक्टरों की निगरानी में होम आइसोलेशन में हैं। उधर, जिले में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 63 हो गई है।
सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि भर्ती मरीजों की हालत सामान्य है। मरीजों के संपर्क में आए लोगों के स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जा रही है। सीएमओ ने बताया कि स्वाइन फ्लू संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या नजदीकी संपर्क में आने से फैल सकता है। बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द, सिरदर्द और थकान इसके प्रमुख लक्षण हैं। बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों में संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। सर्दी-जुकाम और बुखार जैसे लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें। मास्क लगाने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।