प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस
- फोटो : amar ujala
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से चंद घंटे पहले मंगलवार दोपहर बिना अनुमति के जुलूस व धरना-प्रदर्शन करने जा रहे 22 प्रदर्शनकारियों को वजीरगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
प्रदर्शनकारी भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर उर्फ रावण और बीते दिनों लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए सीएम योगी की फ्लीट का घेराव करने वाले प्रदर्शनकारियों को रिहा करने की मांग कर रहे थे।
सुबह करीब सवा ग्यारह बजे प्रदर्शनकारी शहीद स्मारक पर एकत्र हुए। अराजकता की आशंका के मद्देनजर पांच थानों की पुलिस तैनात की गई थी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने जीपीओ तक जुलूस निकालने का प्रयास किया।
रोकने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कर्मियों से हाथापाई और धक्का-मुक्की की। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और जाम लगा दिया। पुलिस ने हटाने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारी शहीद स्मारक के भीतर घुस गए और हंगामा करने लगे जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया।