लखनऊ। रियल एस्टेट फर्म के तीन निदेशकों और दो बिल्डर भाइयों ने महिला व एक अन्य से प्लॉट के नाम पर 21.73 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने विभूतिखंड और बाजारखाला थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
विकासनगर के सेक्टर-1 निवासी रश्मि सिन्हा के मुताबिक 2014 में विभूतिखंड स्थित वसुंधरा ग्रुप के दफ्तर में निदेशक सुधीर सिंह, शशांक और सौरभ तिवारी से संपर्क हुआ था। रश्मि ने तीनों से ऑर्चिड वैली में दो प्लॉट बुक कराए थे। इसका भुगतान 15.36 लाख रुपये किया था। पीड़िता ने जब रजिस्ट्री की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगे। करीब 11 साल बाद भी प्लॉट या रुपये वापस न मिलने पर पीड़िता ने डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह से मुलाकात कर शिकायत की। शुरुआती जांच में आरोप सही मिलने पर विभूतिखंड पुलिस ने सुधीर सिंह, शशांक और सौरभ तिवारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है। उधर, बाजारखाला के नादान महल रोड निवासी मोहम्मद सलीम ने बताया कि उनकी मुलाकात सआदतगंज के रुस्तम नगर में रहने वाले बिल्डर मो. तलहा और उनके भाई मो. हारून से हुई थी। आरोपियों ने दुबग्गा के मूसा बाग रोड पर उन्हें एक प्लॉट दिखाया था। सौदा 6.37 लाख में तय हुआ, जिसका भुगतान भी सलीम ने कर दिया। मगर ठग भाइयों ने रजिस्ट्री नहीं की। रकम मांगने पर धमकी दी। मो. सलीम ने कोर्ट की शरण ली। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार सिंह के मुताबिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।