बाराबंकी। शहर के रेलवे स्टेशन के यार्ड की अप लाइन में मंगलवार की सुबह एक जगह रेल पटरी टूट गई। इसी टूटी पटरी से उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेन भी गुजार दी गई। इस बीच कीमैन को जब इसकी जानकारी हुई तो अधिकारियों को बताया गया। इसके बाद पहुंचे अफसरों ने रेल पटरी की मरम्मत करवाकर उसे सही कराया।
मंगलवार की सुबह करीब पौने सात बजे रेलवे के कीमैन दिनेश कुमार बाराबंकी रेलवे स्टेशन यार्ड में रेलपथ पर गश्त कर रहा था। इस बीच अप रेल लाइन किलोमीटर संख्या 1067 व खंभा संख्या 11-13 के बीच उसे पटरी चटकी हुई दिखी। कीमैन ने इसके बाद सतर्कता बरतते हुए तत्काल इस बारे में विभाग के उच्चाधिकारियों को सूचना दी, लेकिन अफसरों ने उसे सही कराने के बजाए टूटी पटरी पर सिर्फ फिश प्लेट बंधवा दी। इसके बाद इसी पटरी से ट्रेन संख्या 18191 उत्सर्ग एक्सप्रेस गुजार दी गई। ट्रेन गुजरने के बाद कीमैन ने एक बार फिर अफसरों को सचेत करते हुए पटरी सही कराने की बात कही। जिसके बाद पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने पटरी सही कराने का काम शुरू किया जो दोपहर बाद तक चलता रहा। यदि टूटी पटरी को कीमैन समय से न देखता तो यहां पर एक बड़ा हादसा सामने आ सकता था। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के पीडब्लूआई अमर सिंह ने बताया कि पटरी के बोल्ट ढीले हो गए थे, जिन्हें सही करा दिया गया है। उन्होंने पटरी टूटने की बात से इन्कार किया है।