रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार के स्टोर से लाखों रुपये का कॉपर गायब हो गया है। स्टोर से कॉपर गायब होने से सीआईएसएफ की सुरक्षा व्यवस्था संदेह के घेरे में आ गई है। एनटीपीसी के अधिकारियों की सूचना पर मंगलवार को एनटीपीसी चौकी इंचार्ज एमपी सिंह ने स्टोर पहुंचकर मामले की पड़ताल की। वैसे तो लाखों रुपये का कापर गायब होने की बात सामने आ रही है, लेकिन कुल कितने लाख का कॉपर गायब हुआ है, इसका आकलन एनटीपीसी के अधिकारी कर रहे हैं। मामला एनपीटीसी से जुड़ा होने के कारण सीओ विनीत भी अपने स्तर से मामले की जांच कर रहे हैं।
एनटीपीसी ऊंचाहार के सेंट्रल स्टोर में लाखों रुपये का कॉपर रखा था। स्टोर की देखरेख के लिए एक कर्मचारी की तैनाती भी की गई है। बताते हैं कि सीआईएसएफ की मौजूदगी में स्टोर का ताला खुलता और बंद होता है। यानि हर रोज कितने कॉपर की जरूरत पड़ती है, यहीं से कॉपर उपलब्ध कराया जाता है। स्टोर से लाखों रुपये का कॉपर गायब हो गया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सीओ के मुताबिक मंगलवार को एनटीपीसी के ग्रुप जनरल मैनेजर ने इसकी जानकारी ऊंचाहार थाना पुलिस को फौरी तौर पर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एनटीपीसी चौकी इंचार्ज ने मौके पर घटना की जांच की। स्टोर कीपर समेत अन्य कर्मियों के बयान दर्ज किए। स्टोर की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों से भी पूछताछ की। उन्होंने कॉपर चोरी होने की पुष्टि की।
पुलिस सूत्रों की मानें तो स्टोर से कॉपर गायब होने में सुरक्षा जवानों और स्टोर कर्मियों की मिलीभगत की बात सामने आ रही है। ऐसा इसलिए कि सुरक्षा कर्मियों के बिना न तो स्टोर का ताला खुलता और न ही बंद होता है। सीओ डलमऊ विनीत सिंह ने बताया कि एनटीपीसी के स्टोर से लाखों के कॉपर गायब होने की बात सामने आई है। तहरीर मिलने पर मामले की रिपोर्ट लिखकर जांच की जाएगी और पता लगाया जाएगा कि कितने लाख का कॉपर गायब हुआ और इसमें किसका हाथ है। गायब सामान में कापॅर का तार व प्लेटें होना बताया जा रहा है। एनटीपीसी के समूह महाप्रबंधक आरके सिन्हा ने कहा कि इस मामले में केस दर्ज कराया जाएगा।