खोड़ारे/गौराचौकी (गोंडा)। थाना क्षेत्र के पिपरा इस्माइल गांव के मजरा संतडीह में बुधवार की रात खेत को गई एक युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह उसका शव घर से कुछ दूरी पर खेत में पड़ा मिला। इस मामले में युवती के भाई ने खोड़ारे थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती की हत्या में पुलिस के शक सुई पिता पर घूम गई है। पुलिस ने युवती के पिता को हिरासत में लिया है।
खोड़ारे थाना क्षेत्र के पिपरा इस्माइल गांव के मजरा संतडीह के रहने वाले मुकेश राजभर ने बताया कि उसकी बहन जानकी देवी (22) की तबियत खराब थी। उसका इलाज भी चल रहा था। मुकेश के मुताबिक गुरुवार की रात वह घर से खेत को गई थी। वहां से लापता हो गई। मुकेश ने बताया कि उसकी बहन की घर से दस मीटर की दूरी पर किसी ने हंसिया से गला रेतकर हत्या कर दी। शुक्रवार की सुबह उसकी तलाश शुरू की गई तो शव खेत में पड़ा मिला। पास में हंसिया भी पड़ा था। हत्या की सूचना पर सीओ मनकापुर शंकर प्रसाद, थाना खोड़ारे के प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र पटेल ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और परिवार व गांव के लोगों से जानकारी ली। इस मामले में मुकेश ने थाना खोड़ारे में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि हत्या में युवती के पिता पर संदेह है, इसलिए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उधर, युवती की हत्या के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर खून के नमूने लिए हैं। टीम ने युवती के शव के पास से खून का नमूना लिया है। मौके पर मिले हंसिया से फिंगरप्रिन्ट्स कलेक्ट किए।