आलापुर (अंबेडकरनगर)। तहसील क्षेत्र के हथिनाराज गांव से होकर गुजर रहे जहांगीरगंज रजवहा पर पुल न बनने से 10 गांवों की करीब 15 हजार आबादी को आवागमन में मुश्किलें हो रही हैं। गांव के पास एक संकरी पुलिया बनी है, लेकिन उससे चार पहिया वाहनों का आवागमन नहीं हो पाता है। इससे ग्रामीणों को करीब पांच किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। क्षेत्र के ग्रामीण काफी दिनों से रजवहा पर पुल बनवाने की मांग कर रहे हैं, परंतु प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
आलापुर तहसील क्षेत्र के हथिनाराज गांव के पास से जहांगीरगंज रजवहा गुजरता है। नहर से होकर एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए गांव के पास एक अत्यंत संकरी पुलिया बनी है। इस पुलिया से चार पहिया वाहनों का आवागमन नहीं हो पाता है। इससे हथिनाराज, गायघाट, पिपरी, जिंदापुर, अखलासपुर, खझवापुर सहित 10 गांवों के ग्रामीण आवागमन करते हैं। ग्रामीण लंबे समय से गांव के पास चौड़ा पुल बनवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन न तो नहर विभाग ध्यान दे रहा है और न ही प्रशासन। इससे चार पहिया वाहनों का आवागमन नहीं हो पाता है। ग्रामीणों को चार पहिया वाहन लेकर गांव तक पहुंचने के लिए 5 से 7 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। हथिनाराज गांव निवासी राधेश्याम तिवारी, इमरान खान व राकेश त्रिपाठी का कहना है कि पुल के बन जाने से लोगों को आवागमन में काफी आसानी होगी। आजमगढ़, संतकबीरनगर की तरफ आवागमन करने वाले राहगीरों के लिए काफी आसानी होगी। उधर, एसडीएम राजमुनि यादव ने कहा कि ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा था। उसे संबंधित विभाग को प्रेषित कर दिया गया है।