पिछले कुछ दिनों से पारा 34-35 के बीच झूल रहा है और उमस भरी गर्मी लोगों को बेहाल किए हुए है।
ऐसे में डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में रविवार को भूमिगत केबल में बड़ी गड़बड़ी के कारण करीब 21 घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही।
शनिवार रात 12 बजे अचानक बिजली बंद हो गई, जो रविवार रात नौ बजे के करीब चालू हो सकी। हालांकि जेनरेटर से आपूर्ति चालू की गई, लेकिन लोड ज्यादा होने के कारण एसी व लाइटें बंद कर दी गईं।
इतना ही नहीं पंखे भी काफी धीमे हो गए। रात से लेकर सुबह तक आपूर्ति दुरुस्त होने के इंतजार में मरीज-तीमारदार बेहाल रहे। इस दौरान महिला इमरजेंसी में रविवार को सारे सीजेरियन ऑपरेशन टाल दिए गए।
वहीं इमरजेंसी में होने वाली जांचें भी ठप पड़ गईं। गौरतलब है कि महिला इमरजेंसी में हर रोज कम से कम सात से आठ सीजेरियन ऑपरेशन होते हैं।
अस्पताल के कर्मचारियों व भर्ती मरीजों ने बताया कि रात 12 बजे से बिजली नहीं आ रही। एसी-पंखे बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी महिला सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीजों को उठानी पड़ी।
चारों तरफ से बंद इस वार्ड में कहीं से हवा आने का भी माध्यम नहीं है। इमरजेंसी में भर्ती मरीज भी परेशान रहे।
वार्ड से लेकर आईसीयू तक में न तो उनका एसी काम कर रहा है और न ही मॉनिटर काम कर रहे थे। कर्मचारियों ने बताया कि रात से फॉल्ट ढूंढा जा रहा था, जिसका पता रविवार शाम तक चल सका।