लखनऊ। राजधानी में इस वर्ष खाद्य पदार्थ के 406 नमूने जांच के लिए भेजे गए। इसमें 206 नमूने फेल हो गए। औषधि विभाग ने 9.63 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित दवाएं भी सीज की हैं। ये जानकारी बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में हुई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन समिति की जिला स्तरीय समिति की बैठक में अफसरों ने दी।
सहायक खाद्य आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया कि एडीएम की कोर्ट में 311 वाद दायर किए गए। 25 वाद एसीजेएम प्रथम कोर्ट में दायर हुए। एडीएम कोर्ट में चल रहे 224 वाद में निर्णय आए। इसके तहत एक करोड़ 4 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
एडीएम एफआर राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में औषधि इंस्पेक्टर संदेश मौर्य ने बताया कि अप्रैल से सितंबर के बीच ट्रांसपोर्टनगर, मदेयगंज व सुशांत गोल्फ सिटी इलाके से 9 करोड़ 63 लाख रुपये की प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की गईं। आरोपियों पर केस दर्ज करवा जेल भेजा गया है। यहां एडीएम ने कहा, अफसर होटलों, रेस्टोरेंट, मेडिकल की दुकानों का निरीक्षण करते रहें। वहीं, बैठक में शामिल व्यापारी व होटल कारोबारी ने एडीएम से कहा, रेस्टोरेंट ऑफ व्हील कांसेप्ट को बढ़ावा दें।