बेलहरा (बाराबंकी)। क्षेत्र में आदमखोर कुत्तों का आतंक होने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। सोमवार को दूसरे दिन भी मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के अमेरा गांव में आदमखोर कुत्तों ने खेत में सिंचाई कर रहे तीन ग्रामीणों को दौड़ा लिया। उन्होंने भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई। वहीं, कुत्तों ने एक बकरी पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। इस घटना के बाद से गांव के लोग भयभीत हैं।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में सोमवार को गांव के दक्षिण बंजरिया गांव जाने वाले मार्ग पर अमेरा गांव निवासी रफीक, रहीश और इसराइल पंपिंग सेट से खेत की सिंचाई कर रहे थे। तभी अचानक तीनों लोगोें को दूर से ही आदमखोर कुत्तों को देख कर खतरे का आभास हुआ और वह गांव की ओर भागने लगे। इसी बीच आदमखोर कुत्तों ने रफीक, रहीश और इसराइल को दौड़ा लिया। हालांकि ग्रामीणों के शोर मचाने पर आदमखोर कुत्ते वहां से भाग गए। इसी के कुछ ही देर बाद गांव के पास ही इसराइल के घर के सामने बने खलिहान में चर रही एक बकरी पर आदमखोर कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। बकरी के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आदमखोर कुत्ते पास के जंगल की ओर भाग गए। आदमखोर कुत्तों के हमले से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।