गोंडा। 14 अप्रैल से पांच मई तक ग्राम स्वराज अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी जेबी सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में डीएम ने बताया कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत 14 अप्रैल को सामाजिक न्याय दिवस, 18 अप्रैल को स्वच्छ भारत अभियान दिवस, 20 को उज्ज्वला दिवस, 24 को राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस, 30 अप्रैल को आयुष्मान दिवस, दो मई को किसान कल्याण दिवस तथा पांच मई को आजीविका दिवस मनाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी दिवसों पर संबंधित विभागों की ओर से सरकार द्वारा चयनित गांवों में विभागीय योजनाओं के तहत शत-प्रतिशत संतृृप्तीकरण किया जाएगा। योजनाओं में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, सौभाग्य (प्रधानमंत्री बिजली हर घर योजना), उजाला योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा मिशन इंद्रधनुष स्कीम के तहत लोगों का शत-प्रतिशत संतृृप्तीकरण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान में जिले के सात गांवों को भारत सरकार की ओर से चयनित किया गया है, जिसमें विकासखंड झंझरी अन्तर्गत कपूरपुर, कटरा अंतर्गत लक्ष्मनपुर कटौली, मनकापुर में महेवा गोपाल, पंडरीकृृपाल में बैनिया व पिलखांवां, रूपईडीह में भुड़कुड़ा तथा विकासखंड छपिया अंतर्गत बेलहरी बुजुर्ग शामिल है। भारत सरकार द्वारा इस अभियान के तहत प्रदेश के 3387 गांवों को चयनित किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की सातों नगर पालिका/नगर पचांयत के एक-एक वार्ड व 16 विकासखंडों के एक-एक गांवों को भी इस अभियान में चयनित किया गया है, जिसमें नगर पालिका गोंडा में सिविल लाइन तृृतीय, करनैलगंज में ठठराही, नवाबगंज में पड़ाव पश्चिमी मध्य, मनकापुर में पटेल नगर, खरगूपुर में कठरिया उत्तरी, परसपुर में चमारन टोला तथा नगर पंचायत कटरा में नाऊ टोला को चयनित किया गया है। वहीं पंचायतीराज विभाग द्वारा जनपद के सभी विकासखंडों से एक-एक गांव चयनित किए जा रहे हैं। 24 अप्रैल को चयनित सभी 23 ग्रामों में ग्राम पंचायत की खुली बैठक का आयोजन किया जाएगा।