पिता-पुत्र समेत तीन घायल, टोल टैक्स मांगने को लेकर हुआ विवाद
बहराइच/नानपारा। नानपारा चीनी मिल के निकट टोल प्लाजा पर गुरुवार देर रात एक पिकअप वाहन में सवार लोगों का टोल प्लाजा के कर्मचारियों से विवाद हो गया। मामला टोल टैक्स का था। कहासुनी के दौरान दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। इसमें तहसीलदार के अर्दली पिता-पुत्र समेत समेत तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत नगर के नवाबगंज मोड़ हाइडिल कॉलोनी निवासी प्रह्लाद तहसीलदार के अर्दली के पद पर तैनात हैं। उन्होंने हाल ही में बरेली नंबर का पिकअप वाहन खरीदा था। वह रात में अपने पुत्र गोलू के साथ पिकअप वाहन लेकर वह टोल प्लाजा के वीआईपी गेट से गुजरने लगे।
इस पर टोल कर्मचारी ने रोककर टैक्स मांगा। प्रह्लाद की ओर से 30 रुपये टैक्स दिया जा रहा था। जबकि बरेली का नंबर होने के चलते टोल कर्मचारी 170 रुपये टैक्स मांग रहे थे। इसी बात को लेकर कहासुनी व मारपीट शुरू हो गई। धारदार हथियारों का प्रयोग हुआ। प्रह्लाद का कहना है कि टोल कर्मचारियों ने लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर लहूलुहान कर दिया।
संघर्ष में टोल कर्मी रोहित व्यास भी घायल हुआ है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे का कहना है कि टोल टैक्स को लेकर विवाद हुआ है। टोल कर्मचारी उमेश कुमार पाठक से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
पहले थप्पड़ मारा फिर कुल्हाड़ी से किया हमला
टोल प्लाजा के प्रबंधक प्रमोद सिंह और सुधीर सिंह ने कहा कि पिकअप वाहन पर बरेली का नंबर था। साथ ही चालक ने वीवीआईपी गेट से वाहन को निकालने की कोशिश की। इस पर वाहन को रोककर टोल मांगा गया तो उसमें सवार लोग उलझ गए।
एक कर्मी को पिकअप सवार ने पहले थप्पड़ मारा फिर जब मौके पर मौजूद कर्मचारी रोहित ने हमले व अपशब्दों का विरोध किया तो उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर लहूलुहान कर दिया। कर्मचारी दौड़े तो पिकअप के हमलावरों ने 8-10 और लोगों को भी मौके पर बुलाकर मारपीट करते हुए तोड़फोड़ की।
अर्दली बोला, कर्मचारियों ने लोहे की रॉड से पीटा
संघर्ष में घायल अर्दली प्रहलाद का कहना है कि उसके वाहन पर नंबर बरेली का जरूर है। लेकिन यह नंबर एआरटीओ कार्यालय बहराइच में पंजीकृत है। इस बारे में बता रहे थे तभी टोल कर्मचारियों ने हमलाकर मारापीटा।