सीतापुर। सिधौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार की रात कार पलटने से घायल हुए दो और बारातियों की मौत हो गई है। दोनों घायल बारातियों ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों सगे भाई हैं। इस हादसे में जान गंवाने वाले बारातियों की संख्या एक से बढ़कर तीन हो गई है।
सिधौली कोतवाली क्षेत्र के भंडिया गांव से रविवार देर रात गौरव जायसवाल की बारात लखनऊ के मडियांव जा रही थी। इसी बारात में शामिल एक कार सिधौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मनवा तिराहे के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गई थी। हादसे में कार में सवार बाराबंकी जिले के फतेहपुर कस्बा के मोहल्ला नाला पार दक्षिणी निवासी सुहेल (25) की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि भंडिया गांव के नूरुल के पुत्र रजी (22), जकी (24), व आफरोज (23), आशिफ (30), इमरान (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रजी व जकी ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रफी व जकी सगे भाई हैं। हादसे में तीन लोगों की मौत होने से भंडिया गांव में मातम पसर गया है।
तेज रफ्तार में थी कार
बारात में शामिल लोगों की मानें तो जो कार रविवार की रात हादसे का शिकार हुई है। वह कार बेहद तेज रफ्तार से जा रही थी। यही वजह रही कि महज पलटने भर से कार के परखच्चे उड़ गए। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कार ने करीब पांच बार पलटी मारी है, जिसके बाद पेड़ से टकराकर रुकी। जानकारों का कहना है कि कार सवार बारातियों ने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी।
भंडिया गांव में पसरा मातम
गौरव जायसवाल की बारात विदा करने के बाद वर पक्ष दुल्हन के स्वागत की तैयारियों में जुट गया था। घर को बेहद खूबसूरत ढंग से सजाया गया था और स्वागत के तमाम इंतजाम किए जा रहे थे। महिलाएं रतजगा कर मंगलगीत गा रही थीं। इसी बीच हादसे की खबर वहां पहुंच गई। गांव में मातम पसर गया। गांव के लोग कार सवार लोगों का हाल जानने के लिए सिधौली रवाना हो गए। पहले खबर मिली थी कि इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसी बीच देर रात सूचना आई कि दो और लोगों की जान भी चली गई।