उपस्थिति पंजिका के आठ पन्ने किए गायब
पयागपुर (बहराइच)। पयागपुर सीएचसी पर अनियमितता खत्म नहीं हो रही है। 10 दिन पूर्व विधायक व सीएमओ के निरीक्षण में कई कर्मचारी हस्ताक्षर बनाकर नदारद मिले थे। जिस पर चार के विरुद्ध कार्रवाई हुई थी, लेकिन उसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी। सोमवार को उपस्थिति पंजिका के आठ पन्ने ही कर्मचारियों ने फाड़ कर गायब कर दिए। इसकी जानकारी होने पर अधीक्षक ने पयागपुर थाने में तहरीर दी है। वहीं, एक्सरे कक्ष तथा चिकित्सक रूम में सोमवार को ताला पड़ा मिला।
पयागपुर सीएचसी में बीते दिनों क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी व सीएमओ डॉ. अरुणलाल के निरीक्षण में स्थिति बदहाल मिली थी। इस पर चार कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई हुई थी। लेकिन इसके बाद भी कर्मचारी बेपरवाह हैं। सोमवार को सूचना पर उपस्थिति पंजिका में अनुपस्थित कर्मचारियों के उपस्थिति बनाने के खेल का भंडाफोड़ हुआ। यहां पर किसी कर्मचारी ने रजिस्टर से हस्ताक्षर के आठ पन्ने ही गायब कर दिए। इसकी जानकारी सीएचसी के अधीक्षक को हुई तो उनके होश उड़ गए। इस संबंध में अधीक्षक डॉ. प्रताप गौतम ने बताया कि कई माह से कुछ कर्मचारियों के न आने पर दूसरे कर्मचारी उनके हस्ताक्षर बना देते थे। उनके विरुद्ध कार्रवाई कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। डॉ. प्रताप ने कहा कि अज्ञात के विरुद्ध थाने पर तहरीर दी गई है। वहीं कुछ कर्मचारी सोमवार को भी हस्ताक्षर बनाकर नदारद रहे। इनमें एक्सरे कक्ष व चिकित्सकों के कक्ष में ताले लटकते मिले। वहीं सफाईकर्मी भी नदारद रहे।
इंसेट
मिली है जानकारी, होगी कार्रवाई
पयागपुर सीएचसी से उपस्थिति पंजिका के आठ पन्ने गायब होने की जानकारी अधीक्षक द्वारा दी गई है। थाने पर तहरीर भी दी गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में संलिप्त कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. अरुणलाल, सीएमओ