देवकाली बाईपास सर्विस लेन पर भरा गंदा पानी।
अयोध्या। साकेत भारती फाउंडेशन ने जिलाधिकारी और नगर आयुक्त को पत्र लिखकर साईंदाता की कुटी से होटल पंचशील मुख्य सर्विस लेन पर एक माह से हो रहे जलभराव के तत्काल समाधान की मांग की है।
फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि देवकाली बाईपास के किनारे इस सर्विस मार्ग पर लगभग 200 मीटर तक सीवर और नाले का गंदा पानी भरा है। इससे सैकड़ों क्षेत्रीय निवासियों, स्कूली बच्चों और सुबह टहलने वालों को भारी परेशानी हो रही है। जलभराव के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। नाले जगह-जगह बंद हैं। सड़क पर पाइप डालकर मिट्टी का स्पीड ब्रेकर भी बना दिया गया है। इससे सड़क और वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। फाउंडेशन ने जनहित में अधिकारियों से नाले की सफाई कराने और जलभराव को तुरंत समाप्त करने का अनुरोध किया है।