दीपावली पर निर्बाध बिजली सप्लाई को लेकर लेसा के दावे की धनतेरस पर पोल खुल गई। ठाकुरगंज और चौक के करीब 20 हजार घरों एवं दुकानों की बत्ती कई घंटे गुल रही।
ठाकुरगंज खंड के बालाघाट क्षेत्र की बिजली तो चार घंटे के बाद चालू कर दी लेकिन चौक में देर शाम तक अंधेरा कायम रहा। इससे लोहिया पार्क में सजी रंगोली बिजली बिना बेकार साबित हुई।
सुबह 11 बजे 220 केवी हरदोई रोड उपकेंद्र से आने वाले केबल में फाल्ट आने से बालागंज, रस्तोगीनगर, जल निगम रोड, एकतानगर, मरी माता मंदिर रोड, यासीनगंज, आजादनगर, अंबरगंज, जनरैलगंज इलाकों की बिजली बंद हो गई।
इससे बालागंज क्षेत्र की धनतेरस पर सजी बाजारों बिजली गुल होने के कारण चमक फीकी हो गई। इसके बाद दूसरे केबल से बिजली चालू करने का सिलसिला शुरू हुआ। कर्मियों को यह सफलता सुबह 9:30 बजे मिल सकी।
कर्मियों ने बताया कि वैकल्पिक फीडर से बिजली चालू होने के बाद क्रम वार 11 केवी फीडर से कुछ-कुछ देर के लिए बिजली काटनी पड़ी। अपराह्न तीन बजे दूसरे केबल से बिजली चालू हुई।
वहीं गऊघाट उपकेंद्र इलाके के ठाकुरगंज, मल्लाहीटोला, राधाग्राम, दौलतगंज, हरदोई रोड के इलाकों में सुबह से बिजली संकट की समस्या बनी रही।
चौक खंड के विक्टोरिया उपकेंद्र से निकले 11 हजार वोल्ट के फीडर का आउट गोइंग बॉक्स शाम को दग गया। इस बॉक्स को सहीं करने का क्रम चल रहा था कि दूसरे फीडर के केबल में फाल्ट आ गया।
इससे चौक बाजार से लेकर लोहिया पार्क तक के आसपास के इलाकों की बिजली बंद हो गई। चौक बाजार की बिजली ठप होने के कारण सराफा बाजार एवं कोनेश्वर रोड के कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
धनतेरस पर लोहिया पार्क में काफी बड़ी रंगोली को सजाया गया था लेकिन बिजली ने मजा किरकिरा कर दिया। एक्सईएन अजय कुमार ने बताया कि लोहिया पार्क फीडर के सिर्फ दो ट्रांसफार्मर बंद हैं।