जम्मू-कश्मीर की जेलों में बंद 24 आतंकवादियों, अलगाववादियों व पत्थरबाजों को शनिवार दोपहर लखनऊ जेल में शिफ्ट कर दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से उनके नाम गोपनीय रखे गए हैं। सभी को हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। इस बैरक की चौबीस घंटे निगरानी की जाएगी।
सेना के अधिकारी दोपहर करीब दो बजे वायुसेना के विमान से आतंकियों को लेकर बीकेटी स्थित एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। वहां से सभी आतंकियों को कड़ी सुरक्षा के बीच लखनऊ जेल लाया गया। इससे पूर्व डीएम कौशल राज शर्मा और एसएसपी कलानिधि नैथानी ने जेल पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का मुआयना करने के साथ ही हाई सिक्योरिटी बैरकों का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान बैरकों और जेल परिसर के सभी ड्यूटी पाइंट्स चेक किए गए। अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए 150 पुलिसकर्मियों और पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों को जेल के भीतर की बैरकों, मुख्य द्वार और अन्य स्थानों पर तैनात कर किया गया है।
जेल में किसी भी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी सुरक्षाकर्मियों को अत्याधुनिक व स्वचालित हथियारों से लैस किया गया है। जेल परिसर व बाहर की तरफ लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को ठीक कराया गया है। इससे जेल के भीतर की गतिविधियों पर हर पल नजर रखी जा रही है।