फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: दिल्ली रूट पर दौड़ेंगी 20 बसें

Wed, 23 Oct 2024 02:44 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। दिल्ली व अन्य बड़े शहरों से दीपावली पर घर आने वाले लोगों की यात्रा आसान होगी। इसके लिए परिवहन निगम ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। दिल्ली रूट पर 20 बसें दौड़ेंगी। इसके अलावा लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, फतेहपुर और सुल्तानपुर मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं।
विज्ञापन


ग्रामीण क्षेत्र के रूटों पर बसों का संचालन पहले की तरह होगा, जिससे यात्रियों को घर पहुंचने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। सभी चालकों-परिचालकों की छुट्टियों को निरस्त की गई हैं। जिले में इस बार दीपावली पर अपने घर आने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। परिवहन निगम ने दिल्ली, कानपुर और लखनऊ रूटों पर बसों की पर्याप्त व्यवस्था कर दी है।

ज्यादातर यात्री इन्हीं मार्गों से अपने घरों को पहुंचते हैं। प्रयागराज, सुल्तानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, काठगोदाम, हरिद्वार, बलिया, बनारस आदि मार्गों पर बसों के संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिले के लोकल रूटों डलमऊ, शिवगढ़, सरेनी, जायस, तिलोई, बिसुनपुर, रालपुर, लालगंज, मधुकरपुर सहित अन्य रूटों पर भी बसें पहले की तरह संचालित होंगी। सामान्य दिनों में दिल्ली रूट पर 10 बसें संचालित हो रही हैं। दीपावली को लेकर इस रूट पर 10 बसें बढ़ाई गई हैं। इस रूट पर 20 बसें चलेंगी।
विज्ञापन


इसके अलावा लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और सुल्तानपुर मार्गों पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। जरूरत के हिसाब से इन रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं, जिससे यात्रियों को घर पहुंचने में समस्याओं का सामना न करना पड़े। एआरएम ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियों को निरस्त करते हुए ड्यूटी लगा दी है।


अच्छे काम पर मिलेगी प्रोत्साहन राशि
दीपावली पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने और 10 दिनों तक रोजाना 300 किलोमीटर बसों का संचालन करने में चालकों व परिचालकों को प्रोत्साहन राशि देने की व्यवस्था की गई है। तय दूरी से अधिक चलने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर अलग से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। कर्मचारियों को बेहतर काम करके यात्रियों को अच्छी सुविधा देने के निर्देश दिए गए हैं।

इन रूटों पर सुहाना होगा सफर
रूट बसें
रायबरेली-लखनऊ-दिल्ली 10
रायबरेली-कानपुर-दिल्ली 10
रायबरेली-लखनऊ 70
रायबरेली-लखनऊ-प्रयागराज 08
रायबरेली-कानपुर 22
रायबरेली-सुल्तानपुर-अयोध्या 10
लोकल रूटों पर 12


दीपावली पर सभी 151 बसों के संचालन की कार्ययोजना बना ली गई है। कर्मचारियों की छु़ट्टियों को निरस्त करके ड्यूटी लगा दी गई है। अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। लोकल रूटों पर यात्रियों के बढ़ने पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। यात्रियों को बेहतर सुविधा देेने का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन

- दिनेशचंद्र श्रीवास्तव, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रायबरेली डिपो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें