ईंट भट्ठे पर काम करने वाली तीन महिलाओं से मंगलवार को गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। भट्ठा मालिक और ठेकेदार ने बदनामी का हवाला देकर बात को दबाने की बात कही। बाद में महिलाओं ने शहजादनगर थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
इसके बाद वे एसपी से मिलने पहुंची। एसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। एसपी के आदेश पर महिला थाने में अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की शिकायत महिला आयोग में भी की गई है।
खजुरिया थाना क्षेत्र की तीन महिलाएं यहां भट्ठे पर रहकर मजदूरी करतीं हैं। मंगलवार को तीनों एसपी से मिलीं, जहां उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि वह ढाई माह पहले भट्ठे पर मजदूरी करने के लिए परिवार समेत आई थीं। 19 जनवरी की रात में तुमड़िया गांव के तीन युवक उनकी झोपड़ी में घुस आए, जहां युवकों ने उनके साथ गैंगरेप किया।
दुष्कर्म का आरोप
बहराइच जिले फखरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को गांव का युवक बहला फुसलाकर क्षेत्र के ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी के आवास पर ले गया। वहां पर दोनों ने किशोरी के साथ गैंगरेप किया। इसके बाद दूसरे दिन युवक किशोरी को लेकर बहराइच चला गया। वहां उसे चार दिन रखा। किसी तरह युवक के चंगुल से छूटी किशोरी ने थाने पहुंचकर व्यथा सुनाई। लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। इस पर मंगलवार को किशोरी ने एसपी के सामने हाजिर होकर आपबीती बताई है। एसपी ने इस मामले में थानाध्यक्ष को जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया है।
फखरपुर थाना अंतर्गत एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी का गांव निवासी मनीष नामक युवक साल भर से शारीरिक उत्पीड़न कर रहा है। किशोरी का कहना है कि 17 जनवरी को शाम सात बजे के आसपास वह दवा लेने के लिए घर से निकली थी। तभी फखरपुर बाजार में मनीष उसे मिल गया। बहला फुसलाकर मनीष बाजार में स्थित एक ग्राम पंचायत के सेक्रेटरी के आवास पर ले गया। वहां पर सेक्रेटरी के साथ ग्राम प्रधान भी मौजूद थे। दोनों ने डरा धमकाकर दुष्कर्म किया।
दो और दुष्कर्म की भी घटनाएं
गैंगरेप के अलावा प्रदेश के अलग-अलग शहरों में कम उम्र की लड़कियों के साथ दुष्कर्म की भी घटनाएं सामने आईं हैं। गाजीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। बालिका के घरवालों ने आरोपी युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पीड़ित का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। हालांकि अब तक रिपोर्ट नहीं मिल पाई है।
एक और मामले में श्रावस्ती जिले के एक गांव के बाहर एक युवक ने गांव की ही एक चार वर्षीय बालिका से दुराचार किया। बालिका की चीख पर खेत में काम कर रहे किसानों ने युवक को दबोच लिया। गंभीर हालत में बालिका को जिला चिकित्सालय बहराइच में भर्ती कराया गया। इकौना पुलिस ने युवक के खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
इकौना थानाक्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय एक बालिका घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच गांव का ही एक बीस वर्षीय युवक उसे बहला फुसलाकर गांव के बाहर खेत में बुला ले गया और उससे दुराचार किया। बालिका की चीख सुन आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने युवक को घेर कर दबोच लिया।
घटना की जानकारी पीड़ितों के परिवारीजनों द्वारा इकौना पुलिस को दी गई। वहीं गंभीर हालत में पुलिस ने बालिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया।