आयकर विभाग के सर्वे में गोमतीनगर के मिठाईवाले चौराहे पर स्थित राजा ज्वलैर्स ने दो करोड़ रुपये का काला धन स्वीकार किया। आयकर टीम ने 17 घंटे तक ज्वैलर्स के यहां दस्तावेज खंगाले।
जांच में बडे़ पैमाने पर सोने के खरीदारों का भी ब्यौरा हाथ लगा है। आयकर विभाग ने कारोबारी को नोटिस देकर मंगलवार को जवाब तलब किया है।
आयकर महानिदेशक (जांच) इकाई के एक अधिकारी ने बताया कि राजा ज्वैलर्स के शोरूम एवं आवास पर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सर्वे शुरू हुआ था, जो रविवार तड़के 5 बजे तक चला।
जांच के दौरान खरीद-बिक्री का सहीं तरीके से मिलान नहीं मिला। स्टॉक दस्तावेज और बिल बुक को जब्त कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि 10 लाख रुपये की नकदी के अलावा अन्य कारोबारी दस्तावेज भी जब्त हुए हैं।
सर्वे में फंसते ही कारोबारी ने दो करोड़ रुपये के कारोबार पर आयकर चोरी स्वीकारते हुए सरेंडर कर दिया। सर्वे रिपोर्ट तैयार करने के बाद कार्रवाई शुरू होगी। दो करोड़ के काला धन पर 60 लाख रुपये का आयकर और 1.20 करोड़ रुपये का जुर्माना चुकाना पड़ेगा। यहां से गहने खरीदने वालों का विवरण भी हाथ लगा, जिससे उनसे भी कीमती गहने खरीदने के आय स्रोत पर जवाब तलब होगा।