अयोध्या में हो राम मंदिर का निर्माण : अपर्णा
बाराबंकी। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने कहा कि अयोध्या में राममंदिर बनना चाहिए। वह भगवान राम की जन्मभूमि है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर हम सिर्फ राम के भक्त हैं। किसी दल के साथ नहीं हैं, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले का लोगों को इंतजार करना चाहिए। अपर्णा बुधवार रात देवा महोत्सव कमेटी के एक सदस्य के यहां दावत में आईं थीं। जहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने ये बातें कहीं।
अखिलेश और शिवपाल के अलग-अलग होने पर आप किसके साथ हैं? इस सवाल पर अपर्णा बोलीं कि हम नेताजी के साथ हैं। चाचा भी हमसे बड़े हैं और भैया भी। हम दोनों का सम्मान करते हैं। नेताजी वटवृक्ष की तरह हैं और वह दोनों लोगों को एक करने की क्षमता भी रखते हैं। वह जो कहेंगे हम वही करेंगे।
अयोध्या मुद्दे पर अपर्णा यादव ने कहा कि मैं चाहती हूं कि राम मंदिर बने, क्योंकि रामायण में भी भगवान राम की जन्मभूमि का उल्लेख है। बीजेपी के साथ होने के सवाल पर उन्होंने कहा वह सिर्फ भगवान श्रीराम के साथ हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर मुद्दे पर लोगों को सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करना चाहिए।