फैजाबाद। फैजाबाद जेल से लखनऊ इलाज कराने गया बंदी कृष्ण कुमार केजीएमयू से फरार हो गया। कृष्ण कुमार मौर्य बीकापुर कोतवाली के एक जानलेवा हमले के मामले का अभियुक्त बताया गया है, जो फैजाबाद कारागार में बंद था। न्यायालय के आदेश पर बीती 21 मई को चार सिपाही इलाज कराने के लिए उसे लखनऊ ले गए थे। उसका इलाज पीजीआई में चल रहा था। जानकारी मिली है कि शनिवार दोपहर बाद वह टॉयलेट के बहाने बाथरूम में गया और वहां से फरार हो गया। इस संदर्भ में फैजाबाद जेल अधीक्षक बृजेश कुमार का कहना है कि बंदी को सिविल पुलिस के सिपाही इलाज के लिए लखनऊ ले गये थेे। वह दिमागी रूप से अस्वस्थ था। उसे न्यायालय के आदेश पर लखनऊ इलाज के लिए भेजा गया था। वह हत्या के प्रयास के एक मामले में जिला कारागार में बंद था। उन्होंने कहा कि बंदी के भागने की जानकारी अभी हमें नहीं है। एसएसपी का फोन उनके पीआरओ कृष्णकुमार गुप्ता ने उठाया। बताया कि साहब मीटिंग में हैं। कहा कि लखनऊ से किसी बंदी के भागने की सूचना है, लेकिन डिटेल की जानकारी अभी नहीं है।