मामले में हत्या आरोपी पति गिरफ्तार, एफआईआर दर्ज
इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर एक पति ने खेत में काम कर रही अपनी पत्नी पर हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर मार डाला। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी भाग निकला। घटना को गांव के बाहर खेत में अंजाम दिया गया है।
पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का कारण पति व पत्नी में आपसी मतभेद होना बताया जा रहा है। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढोलई खुर्द निवासी गुड्डू यादव की पत्नी गीता देवी (40) बुधवार को गांव के बाहर खेत में गन्ने की कटाई कर रही थी।
दोपहर के वक्त अचानक गुड्डू हंसिया लेकर खेत पर पहुंच गया। यहां पर घरेलू समस्याओं को लेकर गुड्डू व गीता में कहासुनी होने लगी। इससे पहले कि कोई कुछ जान पाता, गुड्डू भड़क गया। आरोप है कि उसने हंसिया से गीता पर ताबड़तोड़ प्रहार करने शुरू कर दिए।
चीख सुनते ही आसपास के खेतों में मौजूद किसान शोर मचाते हुए घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। यह देख गुड्डू वहां से भाग निकला। तब तक गीता गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल महिला को लेकर कस्बे की सीएचसी भागी।
मगर महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में गुड्डू के भाई शत्रोहन ने गुड्डू के खिलाफ तहरीर दी। जिसमें बताया है कि घरेलू समस्याओं को लेकर दोनों में कहासुनी हुई, जिसके चलते गुड्डू ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी।
थानाध्यक्ष राय साहब द्विवेदी ने बताया कि इस मामले में गीता के पति गुड्डू यादव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी गुड्डू को गांव से ही गिरफ्तार कर किया गया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद कर लिया गया है।