गोंडा। करनैलगंज के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डेन व लेखाकार के बीच चल रहे विवाद की गाज दोनों कर्मचारियों पर गिरी है। बीएसए ने विभागीय कार्यों व आदेश की अवहेलना करने के आरोप में वार्डेन व लेखाकार को हटा दिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार देव पांडेय ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डेन सरिता सिंह व लेखाकार राजेश कुमार पांडेय के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। आए दिन दोनों कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो रही थी। इस मामले को सुलझाने के लिए कई बार बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक रजनी श्रीवास्तव को निर्देशित किया गया मगर वह मामले को सुलझाने में नाकाम रहीं। कर्मचारियों के बीच हो रहे इस आरोप प्रत्यारोप से विद्यालय का शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा था। साथ ही छात्राओं व अभिभावकों के बीच विभाग की छवि धूमिल हो रही थी। उन्होंने बताया कि विभागीय आदेशों की अवहेलना के आरोप में वार्डेन सरिता सिंह व लेखाकार राजेश कुमार पांडेय को स्कूल से हटा दिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कस्तूरबा स्कूल की पूर्णकालिक शिक्षिका उर्मिला यादव को प्रभारी वार्डेन बनाया है। वहीं बेलसर के कस्तूरबा स्कूल में कार्यरत लेखाकार श्रवण कुमार पांडेय को करनैलगंज कस्तूरबा स्कूल के प्रभारी लेखाकार का दायित्व सौंपा गया है। बीएसए ने हटाए गए दोनों कर्मचारियों को अपना चार्ज नई तैनाती वाले कर्मचारियों को देने के निर्देश दिए हैं।
तीन सदस्यीय समिति को सौंपी जांच
गोंडा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है। यह तीन सदस्यीय कमेटी पूरे मामले की जांच करेगी और बीएसए को रिपोर्ट देगी। बीएसए ने बताया कि समिति में करनैलगंज के खंड शिक्षा अधिकारी अनिल झा, झंझरी की खंड शिक्षा अधिकारी ममता सिंह व खंड शिक्षा अधिकारी शालिनी गुप्ता को शामिल किया गया है।