सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में ओवरटेक के प्रयास में कार सवारों ने बाइक सवार युवक को गोली मार दी। इससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
मोहल्ला दुर्गापुरवा निवासी जीतू सारस्वत (30) शहर की एक कोरियर कंपनी में काम करता है। शनिवार रात वह बाइक से कहीं जा रहा था। रास्ते में राजा बाजार के पास कार सवारों ने आगे निकलने के चक्कर में बाइक में टक्कर मार दी।
यहां पर विवाद हुआ तो जीतू बाइक से निकल भागा। इस पर कार सवारों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। रास्ते में गुरुगोविंद सिंह चौक के पास कार सवारों ने कार आगे लगाकर उसको रोक लिया। इसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी।
जीतू ने उसका विरोध किया तो एक कार सवार ने उसको गोली मार दी। गोली चलने पर वहां भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ योगेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक जैनुद्दीन अंसारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। बदमाशों की संख्या तीन बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।