श्रावस्ती। पहाड़ी नाले व सरयू नहर में डूबने से चार की मौत हो गई। सिरसिया निवासी दो सगे भाई पहाड़ी नाले से घर की लिपाई के लिए मिट्टी लाने गए थे। उधर, भौंसावां गांव के पास सरयू नहर में नहाने गए मामा-भांजे डूब गए। चारों शवों को पुलिस ने पंचनामा कराकर परिवारीजनों को सौंप दिया है।
सिरसिया के भरथा कला निवासी जाहिर अली का पुत्र बबलू (14) छोटे भाई तारिक (10) के साथ पहाड़ी नाला जगन्नथिया के कुंड में घर की लिपाई करने के लिए मिट्टी लाने गया था। पहले दोनों भाइयों ने कुंड से गीली मिट्टी तसले में भरी। इसके बाद तारिक हाथ धुलने के लिए कुंड के नजदीक चला गया।
तभी वह फिसलकर कुंड में गिर गया। बबलू उसे बचाने के लिए कुंड में घुसा और फिसलने से वह भी डूबने लगा। वहां मौजूद अन्य लोगों ने घटना की जानकारी जाहिर अली को दी। सूचना पर जाहिर अली के साथ लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक तारिक की डूबने से मौत हो चुकी थी।
बबलू बेहोशी की हालत में था। परिवारीजन बबलू को इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गिलौला थाना क्षेत्र के भौंसावा निवासी इंसान अली व सत्तार अली सगे भाई हैं। सत्तार अली ने पुत्री का विवाह सोनवा थाना क्षेत्र के रामपुर दिकौलिया निवासी बहाव अली से किया था।
जिसका नाती महमूद रजा (5) पुत्र बहाव अली ईद पर मां के साथ भौंसावा आया था। मंगलवार को इंसान अली का पुत्र सद्दाम अली (6) धान की नर्सरी की रखवाली करने खेत जा रहा था। चचेरे मामा का खेत जाता देख महमूद रजा भी उसके साथ चला गया।
जहां गर्मी अधिक होने के कारण दोपहर बाद महमूद रजा व सद्दाम अली खेत के निकट स्थित सरयू नहर खंड पांच बलरामपुर में नहाने चले गए। नहाते समय महमूद रजा अचानक बहाव तेज होने के कारण बहने लगा। बचाने के लिए सद्दाम अली भी गहरे पानी में उतर गया। दोनों पानी में डूबने लगे।
बच्चों की चीख पुकार पर खेतों की रखवाली कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सद्दाम अली को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। उसे जिला अस्पताल बहराइच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। करीब एक घंटे बाद महमूद की लाश नहर के साइफन में फंसी मिली।