एनटीपीसी विस्तारीकरण में हादसा, मजदूर की मौत
अंबेडकरनगर। एनटीपीसी विस्तारीकरण में बॉयलर निर्माण के दौरान मंगलवार दोपहर अचानक पाइप गिरने से नीचे काम कर रहा एक मजदूर उसकी चपेट में आकर घायल हो गया। अन्य मजदूरों ने पाइप के नीचे दबे मजदूर को बाहर निकालकर आनन-फानन में एनटीपीसी अस्पताल पहुंचाया।
मजदूर की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई। मामले में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई है।
गौरतलब है कि, एनटीपीसी विस्तारीकरण का कार्य इन दिनों जोरों पर है। प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी कार्य चल रहा था। कार्यदायी संस्था एलएनटी द्वारा बॉयलर का निर्माण कराया जा रहा था।
इसी बीच अचानक दो बड़े पाइप नीचे गिरने से वहां काम कर रहा मजदूर सुनील (28) पुत्र लुधई निवासी इक्डल्ला भगवानपुर थाना हंसवर उसके नीचे दब गया। आसपास काम कर रहे मजदूरों ने आनन-फानन पाइप हटाकर उसके नीचे दबे सुनील को बाहर निकाला।
हालांकि तब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो चुका था। उसे तत्काल एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सुनील को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
एसओ इब्राहिमपुर अरविंद पांडेय ने बताया कि, देर शाम ट्रॉमा सेंटर में सुनील की मौत हो गई। उसके परिवारीजनों ने एनटीपीसी पुलिस चौकी पर इसकी सूचना दी है। एसओ ने बताया कि, मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि, एनटीपीसी विस्तारीकरण में बॉयलर निर्माण के दौरान मंगलवार को पाइप गिरने से हादसा हुआ है। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच कराई जाएगी। यदि इसमें कोई दोषी पाया गया, तो आवश्यक कार्रवाई भी होगी।