टूटी पटरी से गुजर गई ट्रेन, टला हादसा
फैजाबाद। फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह टूटे रेल ट्रैक पर सियालदह एक्सप्रेस गुजर गई। अधिकारियों को जब तक इसकी जानकारी मिली, तब तक ट्रेन गुजर चुकी थी। बाद में रेलवे की इंजीनियरिंग टीम ने टूटे रेल ट्रैक को दुरुस्त किया।
फैजाबाद जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर शनिवार सुबह करीब 08:05 बजे सियालदह एक्सप्रेस पहुंची। इस दौरान पोर्टल ऑफिस में खतरे की घंटी बजने पर ट्रैक टूटे होने की सूचना कर्मी मुन्ना मिश्र ने स्टेशन मास्टर को दी मगर तब तक करीब 08:10 बजे ट्रेन रवाना हो चुकी थी।
इस दौरान ट्रेन सकुशल टूटी पटरी से होकर गुजर गई। बाद में जब अधिकारियों ने टूटी पटरी देखी तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में इसकी सूचना अन्य अधिकारियों को दी गई।
मौके पर पहुंची रेल इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने दोपहर करीब एक बजे टूटी पटरी को ठीक कर दिया। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेनों का आवागमन बंद रहा। वहीं, इस बारे में स्टेशन अधीक्षक ने किसी तरह की जानकारी देने से इनकार कर दिया।