गैंगरेप के बाद बिगड़ी छात्रा की हालत
ं
सीतापुर। सिधौली क्षेत्र में बीए की एक छात्रा से दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इससे छात्रा की हालत बिगड़ गई। एक पेड़ के नीचे बेहाल मिली छात्रा को देखकर लोगों ने पुलिस को खबर दी। इस पर पुलिस ने छात्रा को अस्पताल भेजा है।
मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि, पीड़ित पक्ष ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय के होने के कारण तनाव की स्थिति बन गई है।
क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी बीए में पढ़ती है। बताते हैं कि सिधौली थाना क्षेत्र में रहने वाला छात्रा के ही कॉलेज का सहपाठी बुधवार को उसे अटरिया क्षेत्र के फन स्पॉट ले गया था।
बताते हैं कि वहां छात्र का एक अन्य साथी पहले से ही मौजूद था। आरोप है कि, वहां छात्र व उसके साथी ने सुनसान स्थान पर छात्रा को दबोच लिया और धमकाते हुए सामूहिक दुष्कर्म किया। इससे छात्रा की हालत बिगड़ गई।
इस पर दोनों युवक उसे सिधौली कोतवाली क्षेत्र में लालपुर के पास छोड़कर भाग गए। छात्रा को बेहाल देखकर स्थानीय नागरिकों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को सीएचसी सिधौली भेजा, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। छात्रा के बयान पर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
घटना के संबंध में प्रभारी निरीक्षक अमोद रंजन चौधरी ने बताया कि छात्रा कुछ बताने की हालत में नहीं थी। उसे इलाज के लिए भेज दिया गया है।
घटना अटरिया क्षेत्र के फन स्पॉट की बताई जा रही है। यदि पीड़ित पक्ष यहां तहरीर देगा तो रिपोर्ट जरूर दर्ज की जाएगी। मगर अभी तक पीड़ित पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।