अंबेडकरनगर। यातायात जागरूकता सप्ताह के तहत मंगलवार को उपसंभागीय परिवहन कार्यालय से कर्मचारियों की अगुवाई में छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। विधायक अनीता कमल ने रैली को हरी झंडी दिखाने से पूर्व यातायात नियमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवाओं को यातायात नियम अपनाने को लेकर गंभीर होने की जरूरत है। उन्होंने अभिभावकों को भी इसके लिए सख्त होने की जरूरत पर बल दिया। कहा कि निर्धारित उम्र से कम वाले बच्चों को बाइक या कार चलाने की अनुमति न दें। इसकी अनदेखी करना न सिर्फ स्वयं के लिए घातक होता है, बल्कि अन्य लोगों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है।
विधायक अनीता कमल ने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वह न सिर्फ स्वयं यातायात नियमों की जानकारी रखें, बल्कि अपने परिवार व गांव के अन्य सदस्यों को भी इससे अवगत कराएं। जागरूकता से ही बढ़ रहीं मार्ग दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा। उन्होंने कहा कि बढ़ती मार्ग दुर्घटनाएं शिक्षित समाज के लिए कलंक हैं। शिक्षा की सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब उसका प्रत्येक क्षेत्र में सही उपयोग हो। कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे व बच्चियां वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। ओवर स्पीड व ओवरटेकिंग की मानसिकता से बचने की सलाह दी। कहा कि सावधानी से से ही हादसों से बचा जा सकता है। एआरटीओ कार्यालय से निकली जागरूकता रैली बसखारी रोड होते हुए पटेलनगर तिराहा, फैजाबाद रोड, शहजादपुर, टांडा रोड तक गई। रैली में शामिल बच्चों ने लोगों से शराब व अन्य मादक पदार्थों के नशे में वाहन न चलाने का आह्वान किया। उपसंभागीय अधिकारी केएन सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जिले में दूसरे दिन जागरूकता रैली निकाली गई। बताया कि जागरूकता से ही सुचारु यातायात व दुर्घटना रहित सफर का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। लोगों को निर्धारित स्पीड से अधिक न चलने, यातायात चिन्हों का अनुपालन करने की सलाह दी। उन्होंने हेलमेट, सीटबेल्ट आदि के प्रयोग पर बल दिया। इस मौके पर विनय पांडेय, अवधेश कमल, प्रवेश कुमार सहित अन्य विभागीय कर्मी मौजूद रहे।