रायबरेली। अपर मुख्य सचिव व जिले के नोडल अधिकारी मो. इफ्तेखारुद्दीन ने सोमवार को शहर के विकास की कार्ययोजना बनाई। उन्होंने कहा कि, शहर में बेकार पड़ी सरकारी जमीनें चिह्नित करके उन्हें संवारा जाए। अगली बैठक में शहर में कम से कम पांच ऐसे स्थानों को चिह्नित करकेे प्रस्ताव दिया जाए, जहां अंडरग्राउंड पार्किंग और शॉपिंग कांप्लेक्स बनवाया जा सके। अंडरग्राउंड पार्किंग से जाम की समस्या भी काफी हद तक कम हो सकेगी।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि, शहर के चौराहों और पार्कों को भी दुरुस्त किया जाए। इसमें शहर के बडे़ व्यापारियों से संपर्क करके उनसे भी सहयोग लिया जाए। आरडीए को आय बढ़ाने के लिए अपना दायरा बढ़ाना होगा। बेकार पड़ी जमीनों का उपयोग किया जाए। कांप्लेक्स बनवाकर आय बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने प्रस्तावित 500 प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण का काम जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। कहा कि, एक माह में इस संबंध में प्रक्रिया को पूरा करा लिया जाए। इस मौके पर सचिव त्रिलोकीनाथ, अधिशासी अभियंता एके राय, एई एम. अहमद आदि मौजूद रहे।
सभी एसडीएम को साैंपी आवासों की जिम्मेदारी
अपर मुख्य सचिव शहरी प्रधानमंत्री आवासों की खराब प्रगति पर बेहद नाराज हुए। बचत भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी एसडीएम को जिम्मेदारी सौपी। कहा कि, एसडीएम आवासों की मानीटरिंग करें और सप्ताह में कम से कम एक बार लाभार्थियों के पास पहुंचकर उनको आवास निर्माण कराने के लिए प्रेरित करें। साथ ही कहा कि, थानों में होने वाले समाधान दिवसों में भी एसडीएम और सीओ शामिल हों। समाधान दिवस खत्म होने के बाद वे कम से कम एक गांव में जाकर लोगों की समस्याएं सुनें और मौके पर ही उनका निपटारा कराएं।
नहरों में टेल तक पहुंचे पानी, गड्ढामुक्त हों सड़कें
समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव ने कहा कि, गेहूं के सीजन के बाद धान रोपाई का समय आ रहा है। नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने का काम किया जाए। कहीं से भी नहर में पानी न आने की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि, शत-प्रतिशत सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। विभाग मानीटरिंग करें और सड़कों पर कहीं भी गड्ढे मिलें तो उन्हें ठीक कराएं। इसमें लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में शामिल नहीं होने पर उन्होंने जिला पंचायत के अभियंता के खिलाफ कार्रवाई के लिए पंचायतीराज विभाग को लिखापढ़ी करने के आदेश दिए।
जिले में बढ़े अपराध पर जताई चिंता
समीक्षा के दौरान अपर मुख्य सचिव ने पाया कि जिले में अपराधों का ग्राफ बढ़ा है। उन्होंने एसपी को क्राइम कंट्रोल के आदेश दिए। कहा कि, अफसरों व पुलिस की संयुक्त टीमें गांवों में जाकर लोगों की समस्याओं का निपटारा करें। छोटे-छोटे मामले बड़ा रूप धारण कर लेते हैं, जिन्हें समय रहते कार्रवाई करके रोका जा सकता है। सड़क विवाद, नाली विवाद, विद्युत समस्या, राशन कार्ड, आधार कार्ड जैसी छोटी-छोटी समस्याओं को तत्काल दूर कराया जाए।
ऊंचाहार तहसील व सीएचसी जगतपुर का आज करेंगे निरीक्षण
दो दिवसीय दौरे पर आए अपर मुख्य सचिव 17 अप्रैल को सबसे पहले जगतपुर सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद वे खरौली-चरड़ई-सूची मार्ग की प्रगति व गुणवत्ता जांचेंगे। ऊंचाहार तहसील का निरीक्षण करने के बाद पाइप पेयजल योजना कोटरा बहादुरगंज का निरीक्षण करेंगे। गांव में ही चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे।